बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा के अंतर्गत वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी औरंगाबाद जिले के देव पहुँचे। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की। आज बिहार में उनकी मतदाता अधिकार यात्रा का दूसरा दिन है।
इस यात्रा का उद्देश्य बिहार में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया का विरोध करना है। इसमें इंडिया गठबंधन के नेता भी भाग ले रहे हैं। 16 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा राज्य के 20 से ज़्यादा ज़िलों से होकर गुज़रेगी और 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में समाप्त होगी।
आज सुबह राहुल गांधी ने औरंगाबाद के अम्बा, कुटुम्बा, पातालगंगा और अन्य इलाकों का दौरा किया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद थे। राहुल गांधी आज गया पहुँचने से पहले गुरारू, बगडीहा, दाउदनगर और पंचानपुर का दौरा करेंगे। शाम को वह गया के खालिश पार्क में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।