गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ0 राजेश गुप्ता के नेतृत्व में एक अंतर-मंत्रालय टीम ने पुडुचेरी में चक्रवात फेंजल से हुए नुकसान का आकलन पूरा कर लिया है। दो दिनों में आकलन का काम पूरा करने के बाद टीम आज वापस लौट आई है।
निरीक्षण के अंत में टीम ने मुख्य सचिव सरथ चौहान, जिला कलेक्टर ए0 कुलोथुंगन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। सत्र के दौरान चक्रवात के प्रभाव की 60 छवियों की एक विस्तृत प्रस्तुति दिखाई गई। टीम ने कई छवियों पर स्पष्टीकरण मांगा, जिसका अधिकारियों ने समाधान किया।
पुडुचेरी को हुए महत्वपूर्ण नुकसान को स्वीकार करते हुए, केंद्रीय टीम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही एक व्यापक रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी।
टीम ने आज मन्नादीपेट निर्वाचन क्षेत्र के कई गांवों को हुए नुकसान का आकलन किया। इसमें संथाई पुडुकुप्पम, मन्नादीपेट, लिंगारेड्डीपलायम, सुथुकेनी और कट्टेरिकुप्पम शामिल हैं। पुडुचेरी के गृह मंत्री ए. नमस्सिवायम भी टीम के साथ थे।