अक्टूबर 5, 2024 8:04 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सशस्त्र सैन्य प्रदर्शनी शुरू

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज से सशस्त्र सैन्य प्रदर्शनी शुरू हो गई है। साईंस कॉलेज मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। भारतीय सेना द्वारा आयोजित इस सैन्य प्रदर्शनी में टी-नाइंटी भीष्म टैंक, वायु रक्षा प्रणाली, लाईट फील्डगन जैसे युद्ध के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले सेना के आधुनिक हथियार तथा उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी के दौरान सैनिकों द्वारा पैरा जंपिंग, खुखरी डांस, डेयरडविल मोटरसाइकिल राइडिंग और घुड़सवारी का भी प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को भारतीय सेना की क्षमता और उसके कौशल से परिचित कराना है।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय सेना अपनी अद्वितीय दक्षता और अनुशासन के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। जब-जब देश पर संकट आया हमारी सेना ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देकर देश की रक्षा की है। उन्होंने युवाओं से अग्निवीर के रूप में भर्ती होने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, लेफ्टिनेंट जनरल पद्म सिंह शेखावत और ब्रिगेडियर अमन आनंद भी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह सैन्य प्रदर्शनी पांच और छह अक्टूबर को आयोजित होनी थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस प्रदर्शनी को एक दिन और आगे बढ़ाने की घोषणा की। अब यह प्रदर्शनी सात अक्टूबर तक चलेगी। यह प्रदर्शनी सुबह आठ बजे से दस बजे तक और शाम छह बजे से रात आठ बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले साल में भी सशस्त्र सैन्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।