पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोहा में बातचीत के बाद तत्काल संघर्ष विराम पर सहमत हो गये हैं। कतर और तुर्किये ने दोनों देशों के बीच वार्ता में मध्यस्थता की। कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों देश संघर्ष विराम का पालन करने और समुचित रूप से इसका कार्यान्वयन करने के लिए बाद में बैठकें करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। तालिबान के वर्ष 2021 में सत्ता में वापसी के बाद से दोनों देशों के बीच कई हिंसक घटनाएं होने के बाद यह समझौता हुआ है।
हिंसक घटनाओं में दर्जनों लोग मारे गए और सैकडों घायल हुए। शुक्रवार को यह तनाव और बढ़ गया जब खबरों में बताया गया कि एक हमलावर ने सीमा पर सात पाकिस्तानी सैनिकों को मार दिया और 13 को घायल कर दिया। इस खबर के बाद पाकिस्तान ने भी हमला किया। दोनों देशों के बीच 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा काफी समय से टकराव का केंद्र रही है। पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने उस पर बढ़ते हमलों के लिए अफगानिस्तान पर आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप लगाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने हवाई हमले किए और जमीनी लड़ाई शुरू की थी।