नवम्बर 4, 2024 8:47 अपराह्न

printer

अबुधाबी अन्‍तर्राष्‍ट्रीय पैट्रोलियम प्रदर्शनी और सम्‍मेलन-2024 का हुआ आग़ाज़

अबु धाबी में आज से अबुधाबी अन्‍तर्राष्‍ट्रीय पैट्रोलियम प्रदर्शनी और सम्‍मेलन-2024 शुरू हुआ। एक महत्‍वपूर्ण वैश्विक ऊर्जा मंच के तौर पर इसका यह 40वां सम्‍मेलन है। चार दिवसीय सम्‍मेलन में एक लाख 84 हजार दर्शकों के आने की सम्‍भावना है। इसमें दो हजार दो सौ कम्‍पनियां अपने उत्‍पादों का प्रदर्शन करेंगी। इनमें 54 राष्‍ट्रीय और अन्‍तर्राष्‍ट्रीय ऊर्जा कम्‍पनियां शामिल हैं।

 

    केन्‍द्रीय पैट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रदर्शनी में भारतीय मंडप का उदघाटन किया। उन्‍होंने ऊर्जा पारगन मंत्रिमंडलीय समिति में वैश्विक नेताओं के साथ भाग लिया। अपने सम्‍बोधन में श्री पुरी ने ऊर्जा सुधार के क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्‍लेख करते हुए कहा कि भारत तेल शोधन ऑटोमेशन और भूकम्‍पीय सर्वेक्षण में आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस का उपयोग कर रहा है।

 

इसके अतिरिक्‍त भारत जैव ईंधन उत्‍पादन और हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में भी प्रगति कर रहा है। भारत के ऊर्जा भविष्‍य के बारे में विचार व्‍यक्‍त करते हुए श्री पुरी ने बताया कि भारत जैव ईंधन को तेजी से विकसित कर रहा है।

 

उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां पिछले दो-तीन वर्षों में ऊर्जा की कीमतों में कमी आई है। उनका यह भी कहना था कि पारम्‍परिक ऊर्जा स्रोतों को भी बनाये रखने की जरूरत है।

 

    प्रदर्शनी और सम्‍मेलन में आर्टिफिशयल जोन भी बनाया गया है, जहां माइक्रासॉफ्ट, बेकर हचेज और असेन्‍शर जैसी कम्‍पनियां अपने नवाचारों को प्रदर्शित कर रही हैं।