मुख्य समाचार –
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल जॉर्डन जाएंगे। ये यात्रा दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
- दिल्ली में गंभीर वायु प्रदूषण को देखते हुए 10वीं और 12वीं को छोड़कर सभी कक्षाएं हाइब्रिड मोड में चलाने का निर्देश।
- सीरिया में इस्लामिक स्टेट द्वारा दो अमेरिकी सैनिक और एक नागरिक की हत्या, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की कड़ी कार्रवाई की चेतावनी।
- अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट में, भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला आज दुबई में।
- विश्व स्क्वॉश चैंपियनशिप के फाइनल में आज चेन्नई में भारत और हांगकांग आमने-सामने होंगे।
******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगी। वे ऊर्जा संरक्षण संबंधी राष्ट्रीय चित्रकारी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत करेंगी। यह आयोजन राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर हो रहा है। एक रिपोर्ट –
ऊर्जा संरक्षण के महत्व के बारे में जागरुकता बढ़ाने और ऊर्जा दक्षता में राष्ट्र की उपलब्धियों को ऊजागर करने के लिए राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस प्रति वर्ष 14 दिसम्बर को मनाया जाता है। विद्युत मंत्रालय के मार्गदर्शन में ऊर्जा दक्षता ब्यूरो इस विशेष दिन पर ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार से सम्मानित करके ऊर्जा खपत को कम करने के प्रयासों में लगे औद्योगिक इकाईयों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों को मान्यता देता है और उन्हें प्रोत्साहित करता है। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2025 के लिए कुछ छह सौ 80 आवेदन प्राप्त हुए थे और पुरस्कार संरचना में सात व्यापक श्रेणी के अंतर्गत 28 उप–क्षेत्र शामिल हैं। विद्युत मंत्री मनोहर लाल भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और ऊर्जा दक्षता के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए सभा को संबोधित करेंगे। शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल से दो दिन की यात्रा पर जॉर्डन जा रहे हैं। उनकी यह यात्रा जॉर्डन नरेश अब्दुल्ला-द्वितीय-बिन अल हुसैन के निमंत्रण पर हो रही है। श्री मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और जॉर्डन के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारत, जॉर्डन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। दोनों देशों के बीच लगभग 2 अरब अस्सी करोड़ डॉलर का व्यापार होता है।
जॉर्डन भारत एक का प्रमुख उर्वरक आपूर्तिकर्ता है, विशेष रूप से फॉस्फेट और पोटाश का। जॉर्डन इंडिया फर्टिलाइजर कंपनी भारत की आईएफएफसीओ और जॉर्डन फॉस्फेट्स माइंस कंपनी के बीच 860 मिलियन अमरीकी डॉलर का संयुक्त उद्यम है। इसके अलावा लगभग 500 मिलियन डॉलर के कुल निवेश के साथ भारतीय मूल की लगभग पंद्रह वस्त्र कंपनियां जॉर्डन में कार्यरत हैं। ये कंपनियां अमरीका, यूरोप और अरब क्षेत्र के साथ जॉर्डन के व्यापक मुक्त व्यापार समझौतों और विशेष व्यापारिक व्यवस्थाओं से लाभान्वित होती हैं और अपने तैयार उत्पादों को वैश्विक बाजारों में निर्यात करती हैं। दोनों देशों के बीच आवाजाही की सुविधा बेहतर हुई है। रॉयल जॉर्डन एयरलाइंस ने राजधानी अम्मान और मुंबई के बीच सीधी उड़ानें शुरू की हैं। जॉर्डन भारतीय यात्रियों को वीज़ा-ऑन-अराइवल और इलेक्ट्रॉनिक वीजा की सुविधा प्रदान करता है। अम्मान से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।
******
दिल्ली सरकार ने गंभीर वायु प्रदूषण को देखते हुए 10वीं और 12वीं को छोड़कर सभी कक्षाएं हाइब्रिड मोड में चलाने का निर्देश दिया है। शिक्षा निदेशालय ने राष्ट्रीय राजधानी में हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को देखते हुए यह निर्णय लिया। दिल्ली समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु-प्रदूषण की रोकथाम के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप-4 को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसके तहत सभी निर्माण कार्यों और प्रदूषणकारी गैर-जरूरी ट्रकों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
दिल्ली सरकार ने शहर के सभी सरकारी और निजी कार्यालयों को भी अपने कम से कम 50 प्रतिशत कर्मचारियों से घर से ही काम लेने को कहा है।
******
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स, नई दिल्ली ने स्ट्रोक के इलाज़ के लिए सुपरनोवा स्टंट नामक स्वदेशी उपकरण का पहली बार परीक्षण किया। इस उपकरण को भारतीय परिवेश के अनुसार डिजाइन किया गया है, जहां पश्चिमी देशों के मुकाबले कम उम्र में ही लोग स्ट्रोक के शिकार हो रहे हैं।
संस्थान ने कहा कि सुपरनोवा स्टंट का निर्माण अब देश में ही किया जाएगा। इससे प्रतिवर्ष स्ट्रोक का शिकार होने वाले 17 लाख से अधिक लोगों को सहायता मिलेगी।
******
पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए मतदान हो रहा है। इस चुनाव में नौ हज़ार से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें सत्ताधारी आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार शामिल हैं। मतदान बैलेट पेपर से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 17 दिसंबर को होगी।
******
तेलंगाना में ग्राम पंचायतों के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। राज्य के 31 जिलों में तीन हजार नौ सौ ग्यारह सरपंच पद और 29 हजार नौ सौ तेरह वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
तीसरे चरण का मतदान 17 दिसम्बर को होगा।
******
गोवा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट श्रेणी के लगभग एक लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए है, जबकि एक लाख 82 हजार मतदाताओं की जानकारी डेटाबेस में नही मिली हैं।
ऐसे सभी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे, जिसमें उन्हें 13 निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक के साथ सुनवाई के लिए उपस्थित होना होगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सीमित सुनवाई होगी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी उसी दिन मतदाता सूची में शामिल करने या हटाने का निर्णय लेंगे।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विदेश में काम करने वाले मतदाता सुनवाई अवधि के दौरान फॉर्म – 6 और अन्य दस्तावेजों के माध्यम से अपनी मतदाता स्थिति में सुधार कर सकते हैं।
******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नक्सलवाद से किसी को लाभ नहीं होता और केवल शांति ही विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में उन्होंने 31 मार्च, 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने के सरकार के संकल्प को दोहराया। श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने अगले पांच वर्ष में छत्तीसगढ़ के बस्तर मंडल को देश का सर्वाधिक विकसित आदिवासी क्षेत्र बनाने का संकल्प लिया है।
बस्तर के हर व्यक्ति को रहने के लिए घर, घर में बिजली, शौचालय, पीने का पानी नल से, गैस का सिलेंडर, पांच किलो अनाज और पांच लाख तक का मुफ्त ईलाज बस्तर के सात जिलों के घर-घर में पहुंचाने का संकल्प, यह भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है।
******
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। कल शिमला में, पार्टी भवन के शिलान्यास के अवसर पर श्री नड्डा ने कहा कि देशभर में बन रहे भाजपा कार्यालय मूल्यों और सिद्धांतों के केंद्र हैं।
श्री नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने वक्फ बोर्ड अधिनियम में संशोधन और तीन तलाक को समाप्त कर मुस्लिम समुदाय को राहत दी है।
******
मौसम विभाग ने आज कर्नाटक के भीतरी इलाक़ों और तेलंगाना में कुछ जगहों पर शीतलहर का अनुमान व्यक्त किया है। असम, मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, नागालैंड, त्रिपुरा, पंजाब और उत्तरप्रदेश में घना कोहरा रहेगा। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में साथ बारिश हो सकती है।
इस बीच दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह 7 बजे राष्ट्रीय राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक चार सौ 61 दर्ज किया गया।
******
बांग्लादेश निर्वाचन आयोग ने संसदीय चुनाव की घोषणा के बाद फैली अशांति को देखते हुए अपने शीर्ष अधिकारियों और कार्यालयों के लिए अतिरिक्त वाहन और सुरक्षा की मांग की है। एक रिपोर्ट…
बढ़ती सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बांग्लादेश चुनाव आयोग ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के लिए चौबीसों घंटे पुलिस सुरक्षा की मांग की है, साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त के लिए एक अतिरिक्त एस्कॉर्ट वाहन भी मांगा है। यह अनुरोध 11 दिसंबर को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद बढ़ी हिंसा की घटनाओं के बीच किया गया है। अगले ही दिन एक निर्दलीय संसदीय उम्मीदवार और इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी को गोली मार दी गई, जबकि लक्ष्मीपुर और पीरोजपुर में चुनाव कार्यालयों पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर आग लगा दी। स्थिति को “तात्कालिक और आवश्यक” बताते हुए आयोग ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुकी है। आयोग ने देशभर के सभी क्षेत्रीय स्तर के चुनाव कार्यालयों की सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश भी दिए हैं। नवलसंग परमार, आकाशवाणी समाचार, ढाका।
******
सीरिया में इस्लामिक स्टेट-आईएस के हमले में दो अमरीकी सैनिक और एक अमरीकी दुभाषिए की मौत हो गई है। हमले में तीन सैनिक घायल भी हुए हैं। अमरीकी केंद्रीय कमान के अनुसार, हमलावर को मार गिराया गया है। एक रिपोर्ट….
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इसे अमरीका और सीरिया पर आईएसआईएस का हमला बताया। उन्होंने कहा कि घायल सैनिकों की हालत ठीक है और हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। यह पहला मौक़ा है जब बशर अल-असद सरकार गिरने के बाद सीरिया में किसी अमरीकी की मौत हुई है। सीरिया सरकार के अनुसार, हमले में दो सीरियाई सैन्यकर्मी भी घायल हुए हैं। ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि हमलावर सीरियाई सुरक्षा बल का सदस्य था। हालांकि, किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अभियान में अन्य बलों को प्रशिक्षण देने के लिए अमरीकी सैनिक 2015 से सीरिया में मौजूद हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
******
बेलारूस ने नोबल शांति पुरस्कार विजेता एलेस बायलियात्सकी सहित 123 कैदियों को रिहा कर दिया है। इनमें दो विपक्षी नेता भी शामिल हैं। यह रिहाई उर्वरक निर्यात पर प्रतिबंध हटाने के संबंध में अमरीका के साथ बनी सहमति के बाद हुई है।
बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको रूस के करीबी माने जाते हैं और वे तीन दशक से भी अधिक समय से सत्तारूढ़ हैं।
******
खेल जगत की ख़बरों के साथ हैं दुर्गा प्रसाद
एशियाई क्रिकेट परिषद अंडर-19 एशिया कप में आज भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। दुबई में यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगा। भारत ने शुक्रवार को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात को 234 रन के बड़े अंतर से हराया था। प्रतियोगिता में कुल आठ एशियाई टीमें हैं। फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को खेला जाएगा। वहीं, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी–20 मैच आज शाम धर्मशाला में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। पांच मैचों की श्रृंखला में दोनों टीम फिलहाल एक-एक की बराबरी पर हैं। उधर, विश्व स्क्वॉश चैंपियनशिप के फाइनल में आज चेन्नई में भारत का मुकाबला हॉन्गकॉन्ग से होगा। भारत ने कल रात सेमीफाइनल में मिस्र को तीन–शून्य से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार बल।
- आज सभी समाचार पत्रों ने दिल्ली एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुचकांक के सबसे खराब श्रेणी में पहुंचने की खबर सचित्र दी है। हिन्दुस्तान लिखता है- दिल्ली में ग्रैप-4 की कडी पाबंदियां लागू। देश भर में नोएडा सबसे प्रदूषित शहर। अमर उजाला की सुर्खी है-राजधानी में सांसों का आपातकाल, निर्माण कार्यों पर रोक, हाइब्रिड में पढाई, 50 प्रतिशत कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम।
- कोलकाता में जीओएटी इंडिया टूर के लिए आए फुटबाल खिलाडी लियोनेल मेसी के स्टेडियम से जल्दी जाने से फूटा प्रशंसकों का गुस्सा राजस्थान पत्रिका सहित सभी समाचार पत्रों की सुर्खी है। पत्र ने नाराज प्रशंसकों की तस्वीरें प्रकाशति की है।
- संसद हमले की 24वीं बरसी पर प्रधानमंत्री और सांसदों ने बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि दैनिक जागरण ने यह खबर सचित्र प्रकाशित की है।
- बच्चों का सोशल मीडिया बैन, ऑस्टेलिया बना मिसाल, भारत में उपाय कब राजस्थान पत्रिका ने यह खबर अपने प्रथम पृष्ठ पर दी है।
- अपने उच्च शिक्षण संस्थानों को निखारेगा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय- दैनिक जागरण की सुर्खी है। पत्र लिखता है- 2035 तक उच्च शिक्षा का सकल नामंकन अनुपात 50 प्रतिशत पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित।
- गुलमर्ग में दनिया का सबसे ऊंचा रिवालविंग रेस्तरां भी देशबन्धु की सुर्खी है।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल जॉर्डन जाएंगे। ये यात्रा दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
- दिल्ली में गंभीर वायु प्रदूषण को देखते हुए 10वीं और 12वीं को छोड़कर सभी कक्षाएं हाइब्रिड मोड में चलाने का निर्देश।
- सीरिया में इस्लामिक स्टेट द्वारा दो अमेरिकी सैनिक और एक नागरिक की हत्या, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की कड़ी कार्रवाई की चेतावनी।
- अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट में, भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला आज दुबई में।
- विश्व स्क्वॉश चैंपियनशिप के फाइनल में आज चेन्नई में भारत और हांगकांग आमने-सामने होंगे।
******