फ़रवरी 14, 2025 4:51 अपराह्न

printer

38वें राष्ट्रीय खेलों का आज हल्द्वानी में भव्य समापन होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

प्रदेश में 28 जनवरी से शुरू हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों का आज हल्द्वानी के गौला पार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भव्य समापन होगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मेघालय के मुख्यमंत्री, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा समेत कई गणमान्य हस्तियां समारोह की शोभा बढ़ाएंगी।

समापन समारोह से पहले हल्द्वानी में भव्य रोड शो होगा, जहां गृहमंत्री अमित शाह छावनी हेलीपैड से स्टेडियम तक सड़क मार्ग से जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। इसके बाद वे स्टेडियम में राष्ट्रीय खेलों के समापन की औपचारिक घोषणा करेंगे।

 

उत्तराखंड सरकार ने राष्ट्रीय खेलों के लिए 8 जिलों के 11 शहरों में खेल स्थलों का निर्माण और सुधार किया, जहां 35 खेल स्पर्धाएं हुईं। इस आयोजन में 32,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। खेलों के दौरान कई नए राष्ट्रीय और मीट रिकॉर्ड बने। एथलेटिक्स के मुकाबले काफी खास रहे, जहां सिर्फ पांच दिनों में 12 नेशनल गेम्स रिकॉर्ड बने।

इस बार के राष्ट्रीय खेलों को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर राज्य सरकार का विशेष जोर रहा। राज्य पक्षी मोनाल को शुभंकर बनाकर जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया गया। विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में राज्य सरकार ने 2.77 हेक्टेयर में खेल वन स्थापित करने का निर्णय लिया है, जहां 1,600 रुद्राक्ष के पेड़ लगाए जांएगे। वहीं, सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए सभी मेडल ई-कचरे से बनाए गए।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय खेलों में कुल एक हजार पांच सौ तेईस मेडल वितरित किये गये। समापन के साथ ही अगली राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मेघालय को सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेघालय के मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय खेलों का ध्वज सौंपेंगे। राष्ट्रीय खेलों में, उत्तराखंड ने खिलाड़ियों और अधिकारियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के साथ अपनी पारंपरिक मेहमाननवाजी से भी सबका दिल जीत लिया।

 

बेहतरीन आवास, सुव्यवस्थित परिवहन, पौष्टिक भोजन और अत्याधुनिक खेल स्थलों ने इस आयोजन को सफल बनाया। इन खेलों की सफलता से राज्य ने न केवल अपने खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत किया, बल्कि अपनी सांस्कृतिक और पर्यटन संभावनाओं को भी उजागर किया है।