उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में एथलेटिक्स की रेस वॉक स्पर्धा में इतिहास रचा गया, जब पुरुषों की 20 किलोमीटर रेस वॉक में लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड 14 साल बाद टूट गया। झारखंड के गुरमीत सिंह ने वर्ष 2011 में 1 घंटे 23 मिनट और 26 सेकंड में रेस पूरी करके राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड बनाया था। इस बार छह भारतीय एथलीटों ने यह रिकॉर्ड तोड़ा। सर्विसेज के सर्विन सेबेस्टियन ने 1 घंटे 21 मिनट और 23 सेकंड में रेस पूरी करके नया राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड बनाया।
इसके अलावा उत्तराखंड के सूरज पंवार, पंजाब के अमनजोत सिंह, सर्विसेज के परमजीत सिंह, उत्तर प्रदेश के राम बाबू और राजस्थान के मुकेश निथरवाल ने भी गुरमीत सिंह के 2011 के रिकॉर्ड से बेहतर समय निकाला। वहीं, छह एथलीटों द्वारा एक साथ 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से भारतीय एथलेटिक्स में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
यह उपलब्धि न केवल भारतीय रेस वॉकर्स की बेहतर फिटनेस और तकनीकी प्रगति को दर्शाती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के बढ़ते कद का भी संकेत देती है। पुरुषों की स्पर्धा के साथ ही महिलाओं की 10 किलोमीटर रेस वॉक में भी राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड टूटा।
मणिपुर की वाई बाला देवी द्वारा 2023 में बनाए गए 51 मिनट 56 सेकंड के पिछले रिकॉर्ड को नौ एथलीटों ने तोड़ दिया। हरियाणा की रवीना ने 45 मिनट 52 सेकंड के नए रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।