दिसम्बर 5, 2025 7:16 पूर्वाह्न

printer

23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने नई दिल्ली में रूस की कृषि मंत्री ओक्साना लुट के साथ द्विपक्षीय बैठक की

23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के अवसर पर मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कल नई दिल्ली में रूस की कृषि मंत्री ओक्साना लुट के साथ द्विपक्षीय बैठक की। मंत्रालय ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने मत्स्य पालन, पशु और डेयरी उत्पादों में आपसी व्यापार, बाजार संबंधी मुद्दों के समाधान और निर्यात में तेज़ी लाने पर चर्चा की। मंत्रालय ने कहा कि अनुसंधान, शिक्षा और उभरती जलीय कृषि प्रौद्योगिकियों, समुद्र में मछली पकड़ने वाले जहाज, जलीय कृषि के उभरते प्रसंस्करण पर चर्चा की गई।

 

श्री सिंह ने कहा कि भारत ने 2024-25 के दौरान लगभग 700 करोड़ अमरीकी डॉलर मूल्य की मछली और मत्स्य उत्पादों का निर्यात किया, जिसमें रूस को 12 करोड़ 7 लाख अमरीकी डॉलर का उत्‍पाद शामिल हैं। उन्होंने झींगा, मैकेरल, सार्डिन, टूना, केकड़ा, स्क्विड और कटलफिश जैसे उत्पादों के निर्यात पर ज़ोर दिया। इस बीच, रूस की कृषि मंत्री ओक्साना लुट ने भी कृषि सहयोग को आगे बढ़ाते हुए मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी क्षेत्रों में सहयोग करने की जानकारी दी।