राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म “चलो जीते हैं” कल से 2 अक्टूबर तक देशभर में पुनः प्रदर्शित की जाएगी। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने आज कहा कि यह फिल्म स्वामी विवेकानंद के दर्शन और विचारों को एक सिनेमाई श्रद्धांजलि है। यह फिल्म देशभर के लगभग 500 सिनेमाघरों और स्कूलों में दिखाई जाएगी।
मंत्रालय ने बताया कि फिल्म के प्रदर्शन के बाद चौकीदार, सफाई कर्मचारी, ड्राइवर और चपरासी जैसे समाज के ‘मूक नायकों’ को एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। “चलो जीते हैं” फिल्म एक युवा नारू की कहानी पर आधारित है, जो विवेकानंद के दर्शन से गहराई तक प्रभावित है और अपनी छोटी सी दुनिया में बदलाव लाने का प्रयास करता है। यह फिल्म नि:स्वार्थता और सेवा का प्रभावशाली तरीके से संदेश देती है।
 
									 
		 
									 
									 
									 
									