हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में बाल लिंगानुपात 947 से बढ़कर 964 हो गया है। शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह सुधार बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सरकार के निरंतर और गंभीर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस सकारात्मक विकास ने कई नए और महत्वपूर्ण कल्याणकारी उपायों की नींव रखी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी 18 हजार 925 आंगनवाड़ी केंद्रों को आंगनवाड़ी-सह-पूर्व विद्यालयों में उन्नत किया जा रहा है। इन केंद्रों में 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को खेल आधारित प्रारंभिक शिक्षा प्रदान की जाएगी।