हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार आज 90 सदस्यों की विधानसभा में बहुमत सिद्ध करने में जुटी है। भारतीय जनता पार्टी सरकार को बहुमत साबित करने के लिए 46 विधायकों की आवश्यकता है। पार्टी ने कल दावा किया था कि उनके पास 48 विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक संदेश के बाद सदन में विश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने विश्वास मत पर चर्चा की अनुमति दे दी। जननायक जनता पार्टी के 6 विधायकों ने पार्टी के निर्देश के बावजूद सत्र में भाग लिया, लेकिन वे चर्चा शुरू होने से पहले सदन छोड़कर चले गए।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि भारतीय जनता पार्टी के सदन में 41 विधायक हैं। एक निर्दलीय उम्मीदवार रंजीत सिंह चौटाला को कल मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। पांच और निर्दलीय उम्मीदवार नयन पाल रावत, धर्मपाल गोंडेर, सोमबीर सांगवान, रणधीर गोलन तथा राकेश दौलताबाद और हरियाणा लोकहित पार्टी के विधायक गोपाल कांडा सरकार को समर्थन दे सकते हैं।
हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आज बुलाया गया, ताकि नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नई भाजपा सरकार के प्रति बहुमत साबित कर सके।