रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के सहायक रक्षा मंत्री पीटर खलील के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा उद्योग व्यापार गोलमेज सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच औद्योगिक साझेदारी और क्षमता विकास को बढ़ावा देना था।
चर्चा में रक्षा प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और नवाचार में अवसरों की खोज पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसमें विशेष रूप से ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के ढांचे पर जोर दिया गया। गोलमेज सम्मेलन में दोनों पक्षों के प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से संयुक्त परियोजनाओं और निवेश में गहरी रुचि दिखाई।
दोनों मंत्रियों ने सिडनी में रणनीतिक नौसैनिक सुविधा एचएमएएस कुट्टाबुल का भी दौरा किया। रक्षा मंत्री को सिडनी हार्बर में अत्याधुनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई और एडमिरल हडसन के जहाज पर एक दौरा कराया गया। इस यात्रा ने दोनों देशों की समुद्री सेनाओं के बीच बढ़ते तालमेल को रेखांकित किया।
बाद में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिडनी में भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।
 
									