सावन मास के तीसरे सोमवार पर आज सुबह से शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना जारी है। उज्जैन, ओंकारेष्वर में पारम्परिक रूप से आज सवारी निकाली जाएगी। उज्जैन में श्री महाकालेश्वर की श्रावण/भाद्रपद माह में निकलने वाली सवारी के क्रम में आज भगवान श्री महाकालेश्वर श्री चंद्रमौलेश्वर के रूप में पालकी में, हाथी पर श्री मनमहेश के रूप में व गरूड़ रथ पर श्री शिव-तांडव रूप में विराजित होकर अपनी प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकलेंगे। सवारी में 1500 डमरू वादक भस्म आरती की धुन पर डमरू वादन कर विश्व कीर्तिमान रचेंगे।
भोपाल और उज्जैन के डमरु वादक के दल द्वारा महाकाल लोक के शक्तिपथ और सवारी में विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। खंडवा के ओंकारेष्वर में भगवान ओंकारेश्वर एवं भगवान ममलेश्वर की सवारी निकाली जा रही हैं। श्रावण माह में यह सवारी ओंकारेश्वर मंदिर से होकर कोटीतीर्थ घाट पहुंचेगी, जहां भगवान ओंकारेश्वर की रजत प्रतिमा का दुग्ध एवं पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा।
वहीं भगवान ममलेश्वर की रजत प्रतिमा को केलवराम घाट पर दुग्धाभिषेक एवं पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। आज सुबह से बड़ी संख्या में श्रध्दालु भगवान ओंकारेश्वर एवं भगवान ममलेश्वर के दर्शन कर पूजा अर्चना कर रहे हैं। वही कांवड़ियों और श्रध्दालुओं की संख्या के मद्देनजर कलेक्टर ने खंडवा इंदौर राजमार्ग को देशगांव से डाइवर्ट किया गया है।
वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं।