सातवें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत अब तक 1 करोड़ 79 लाख गतिविधियां आयोजित की गई हैं। एक सितम्बर से शुरू पोषण माह इस महीने की 30 तारीख तक चलेगा। गुजरात से इस अभियान की शुरूआत हुई थी। इस दौरान खून की कमी, संतुलित विकास, पूरक आहार तथा पोषण भी पढ़ाई भी और बेहतर प्रशासन के लिए प्रौद्योगिकी पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के दौरान एक पेड़ मां के नाम पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके तहत 13 लाख 95 हजार आंगनवाडी केन्द्रों को पौधरोपण में शामिल किया जाएगा।
महिला और बाल विकास मंत्रालय ने कहा कि अब तक पूरक आहार से संबंधित बीस लाख से अधिक गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। मंत्रालय के अनुसार देश भर के विभिन्न राज्यों के सात सौ 56 जिले सक्रिय रूप से जागरूकता अभियान में भाग ले रहे हैं और लोगों को पोषण संबंधी जानकारी दे रहे हैं।