छत्तीसगढ़ की सभ्यता और संस्कृति पर आधारित लोकपर्व हरेली कल प्रदेशभर में मनाया जाएगा। मान्यता के अनुसार सावन माह की अमावस्या को मनाए जाने वाले हरेली पर्व पर किसान अपने कुल देवता और खेती में उपयोग किए जाने वाले औजारों की पूजा करते हैं। इस दिन बच्चे और युवा गेड़ी चढ़ने का आनंद भी लेते हैं।
इस मौके पर कल मुख्यमंत्री निवास में भी परंपरागत तरीके से हरेली का त्यौहार मनाया जाएगा। इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा परंपरागत खेलों का आयोजन किया जाएगा। कर्मा, राउत नाचा के सुंदर गीतों और लयबद्ध नृत्य के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की जाएगी। साथ ही डंडा, भौंरा और बाटी जैसे खेल भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने हरेली के पूर्व अपने संदेश में प्रदेश के नागरिकों से कहा है कि वे धरती मां का श्रृंगार करने एक पेड़ जरूर लगाएं। इस दिन पूरे प्रदेश में लोग पौधे लगाएंगे।
इस बीच, विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व के तहत कल हरियाली अमावस्या के दिन पाट जात्रा पूजा माँ दतेश्वरी मंदिर के सामने सम्पन्न किया जाएगा।
Site Admin | अगस्त 3, 2024 7:40 अपराह्न
सभ्यता और संस्कृति पर आधारित लोकपर्व हरेली कल प्रदेशभर में मनाया जाएगा