संसद के दोनों सदनों ने आज आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से नासा और इसरो के सिंथेटिक अपर्चर रडार-निसार उपग्रह के सफल प्रक्षेपण की सराहना की।
राज्यसभा में उपसभापति हरिवंश ने कहा कि यह इसरो और नासा के बीच एक ऐतिहासिक सहयोगात्मक अभियान है। उन्होंने कहा कि यह अभियान एक विश्वसनीय और अंतरिक्ष क्षेत्र में उभरते हुए देश के रूप में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है और वैज्ञानिकों द्वारा देश की बेहतरी के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों को रेखांकित करता है।
लोकसभा में इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य भूमि पारिस्थितिकी तंत्र और समुद्री क्षेत्रों का अध्ययन करना है। उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों उनके भविष्य के अभियानों में सफलता प्राप्त करने की भी शुभकामनाएं दीं।