नवम्बर 28, 2025 9:36 अपराह्न

printer

श्रीलंका में चक्रवात दित्वा का कहर, भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के अन्‍तर्गत श्रीलंका को सहायता भेजी

 
चक्रवात दित्वा के तेज होने के कारण श्रीलंका भयानक बाढ़, भूस्खलन और व्यापक व्यवधान से जूझ रहा है। मूसलाधार बारिश और आंधी ने पूर्वी, मध्य और उत्तरी क्षेत्रों को बुरी तरह से प्रभावित किया है। इस चक्रवात के कारण घरों के क्षतिग्रस्त होने से लाखों लोग विस्‍थापित हुए हैं और परिवहन व्‍यवस्‍था भी ठप हो गई है।
 
 
इस आपात स्थिति में भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के नाम से बड़ा राहत अभियान शुरू किया है। कोलंबो में पहले से ही खड़े आईएनएस विक्रांत और आईएनएस उदयगिरि सहित समुद्री संसाधनों ने प्रभावित समुदायों के लिए कई टन राशन तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं सहित राहत सामग्री की बड़ी खेप पहुंचाई है।
 
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट में श्रीलंका के उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है जिनके परिजनों की इस चक्रवात में मृत्‍यु हो गई। श्री मोदी ने कहा कि वह सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत तत्काल राहत सामग्री और महत्वपूर्ण एचएडीआर सहायता भेजी है। यह भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और समुद्री दृष्टिकोण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
 
 
राहत अभियान महत्वपूर्ण समय पर चलाया गया है क्योंकि श्रीलंका राहत और बचाव कार्यों के साथ संघर्ष कर रहा है। चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटों में पांच सौ मिलीमीटर से अधिक वर्षा हो रही है। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम की स्थिति गंभीर बनी रहेगी क्योंकि चक्रवात उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला