श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को आज कोलंबो में आपराधिक जाँच विभाग के समक्ष पेश होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। 2023 में लंदन की एक निजी यात्रा के लिए सरकारी धन के दुरुपयोग करने के आरोप में यह गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस का आरोप है कि 76 वर्षीय नेता अपनी पत्नी प्रोफेसर मैत्री विक्रमसिंघे के पीएचडी स्नातक समारोह में भागीदारी करने जब ब्रिटेन के वॉल्वरहैम्प्टन विश्वविद्यालय गए तो उन्होंने अपने खर्चों को पूरा करने के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल किया। जांचकर्ताओं का कहना है कि यह यात्रा क्यूबा और अमरीका की आधिकारिक यात्रा के साथ सम्मलित कर दी गई थी। लेकिन इस यात्रा का कोई सरकारी उद्देश्य नहीं था। लगभग 50 हजार डॉलर की धनराशि का खर्च हवाई किराया, वहां रहने के खर्च और लंदन में ठहरने के दौरान अन्य मदों में किया गया।
श्री विक्रमसिंघे वर्ष 2022 से 2024 तक श्रीलंका के राष्ट्रपति थे। वे अभी भ्रष्टाचार-रोधी कानून और सार्वजनिक संपत्ति अधिनियम के तहत अभियोग की आशंका का सामना कर रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी देश के संसाधनों के दुरूपयोग पर जनाक्रोश के बीच एक प्रतिष्ठित व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराने संबंधी श्रीलंका के वादे के, एक बड़े परीक्षण के रूप में देखा जा रहा है।