नवम्बर 4, 2024 6:59 अपराह्न

printer

शीतकालीन प्रवास स्थल पहुंची गंगोत्री-यमुनोत्री की डोली

उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा का वर्तमान सत्र सकुशल संपन्न हो गया है। इस यात्रा काल में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 15 लाख 30 हजार 28 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए।

 

उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री मंदिर के कपाट 2 नवंबर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट 3 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गये हैं। कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा और यमुना की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंच गयी है। अब शीतकाल में गंगोत्री की उत्सव डोली मुखवा और यमुनोत्री की उत्सव डोली खरसाली स्थित यमुना मंदिर में विराजमान रहेगी, जहां श्रद्धालु अगले छह माह तक दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

 

चारधाम यात्रा  के सुचारू, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के फलस्वरूप इस बार दोनों धामों में तीर्थयात्रियों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। इस साल गंगोत्री धाम में 8 लाख 15 हजार 273 श्रद्धालुओं और यमुनोत्री धाम में 7 लाख 14 हजार 755 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए।