झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी सह केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से एक राष्ट्र एक चुनाव को मंजूरी दिये जाने के फैसले को ऐतिहासिक फैसला बताया है।
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक राष्ट्र एक चुनाव के प्रस्ताव मंजूरी मिलने पर खुशी जतायी है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविद की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति के सुझाव के आधार पर केंद्रीय मंत्रीमंडल ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
प्रदेश कांग्रेस ने एक राष्ट्र एक चुनाव की नीति को भाजपा का चुनावी मुद्दा बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन के बहाने भाजपा ने जो दावे किये हैं वह सिर्फ आईवॉश है।
झामुमो ने भी एक राष्ट्र एक चुनाव का विरोध किया है। पार्टी प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र के इस फैसले से देश की राजनीतिक पृष्ठभूमि खराब हो सकती है। उन्होंने केंद्र पर विपक्ष को समाप्त करने की योजना लाने का आरोप लगाया है।