अक्टूबर 11, 2024 8:22 अपराह्न

printer

शारदीय नवरात्र नारी गरिमा की प्रतिष्ठा का पर्व हैः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में कहा कि शारदीय नवरात्र नारी गरिमा की प्रतिष्ठा का पर्व है और जिस समाज में नारी की पूजा होती है तथा सम्मान दिया जाता है, वह समाज स्वयं ही समर्थ और शक्तिमान होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति की आराधना के साथ आधी आबादी के सम्मान का भी प्रतीक पर्व है।

 

उन्होंने कहा- मुझे प्रसन्नता है कि जो सनातन धर्म की समृद्ध परम्परा है, यह पूरे हर्षोल्लास के साथ पूरे देश में इस परम्परा के साथ लोग जुड़ रहे है। सत्य और आराधना की प्रतीक आधी आबादी के प्रति सम्मान का भाव बन रही है। भारतीय समाज प्राचीन काल से ही इस बात को मानता रहा है, जहां नारी की पूजा होती है, उसका सम्मान होता है, वह समाज स्वयं ही समर्थ और शक्तिमान होता है।

 

नवमी तिथि पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित कन्या पूजन अनुष्ठान में मुख्यमंत्री ने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे, उनका विधि विधान से पूजन किया। मुख्यमंत्री ने विजयादशमी के पावन पर्व पर सभी लोगों के मंगलमय जीवन की कामना की।

 

वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी विजयादशमी के पावन पर्व पर सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों के सुखी, समृद्ध और सुरक्षित जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं हैं।