विश्व पर्यावरण दिवस पर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोगों से एक बेहतर और हरित विश्व के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस दिवस पर आइए हम खुद को याद दिलाएं कि धरती माता की रक्षा करना हमारी मौलिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हम प्राकृतिक संसाधनों के धरोहरी हैं न कि इनके मालिक। राष्ट्रपति ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जीवन और आजीविका को प्रभावित कर रहा है और इसका अधिक प्रभाव कमजोर समुदायों पर पड़ रहा है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानवता और प्रकृति के बीच सामंजस्य ही टिकाऊ जीवन की नींव है। उन्होंने कहा कि हमारा सभ्यतागत लोकाचार ही हमें प्रकृति के साथ सद्भाव का जीवन जीने में मार्गदर्शन करता है। उन्होंने लोगों से साथ मिलकर बढ़ने के सिद्धांतों को अपनाने और धरती माता के संरक्षण के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।