दुनिया भर में आज दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कई देशों के नेता भी इस त्योहार के सार्वभौमिक विषयों- आशा, नवीनीकरण और अंधकार पर प्रकाश की विजय पर हार्दिक शुभकामनाएँ दे रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और सिंगापुर के नेताओं ने दीपावली की शुभकामनाएँ दीं हैं और विभिन्न संस्कृतियों में शांति और एकजुटता को बढ़ावा देने में दिवाली के महत्व को स्वीकारा है।
इस अवसर पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपनी हाल की भारत यात्रा का स्मरण किया, जहां उन्होंने मुंबई में भक्ति और नए बंधनों के प्रतीक के रूप में दीप प्रज्ज्वलित किया था। इस बारे में सोशल मीडिया पोस्ट में श्री स्टार्मर ने लिखा है कि पूरे ब्रिटेन में हिंदुओं, जैनियों और सिखों को आनंदमय और शांतिपूर्ण दिवाली और बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएँ।
उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर हम ऐसे ब्रिटेन का निर्माण करते रहें जहां हर कोई आशा के साथ आगे बढता रहे। उन्होंने 9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हिंदी में दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।
इस बीच, यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने भी अपने दिवाली संदेश में प्रकाश सदैव बना रहे की कामना की। पाकिस्तान में शीर्ष नेताओं ने समावेशिता और सम्मान के संदेशों के साथ त्योहार को स्वीकार किया है। रेडियो पाकिस्तान के अनुसार राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि दिवाली हमें अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय की याद दिलाती है। उन्होंने सभी नागरिकों के लिए समान अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता के प्रति पाकिस्तान की संवैधानिक प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
नई दिल्ली स्थित राजनयिक मिशन में भी दिवाली समारोह आयोजित किए गए और भारत के लोगों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं गई। फिनलैंड, इज़राइल, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, स्विट्जरलैंड और यूरोपीय संघ के दूतावासों ने इस अवसर को हर्षोल्लास के साथ मनाया।