मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मई 4, 2024 8:59 अपराह्न

printer

विभिन्न राजनीतिक दलों के कई बड़े नेताओं ने आज उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार किया

विभिन्न राजनीतिक दलों के कई बडे नेताओं ने आज उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार किया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर में रोड शो किया। सड़कों पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कानपुर नगर और अकबरपुर लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी प्रत्‍याशी भी थे। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री का यह पहला रोड शो था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज और फर्रुखाबाद में जनसभा को संबोधित किया। श्री योगी ने कहा कि 2014 के बाद हमने नया भारत देखा है, जहां देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और आतंकवाद समाप्त हुआ है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज बदायूँ जिले में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के जीतने पर संविधान बदल दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने के लिए है। उन्होंने दावा किया कि बदायूं में सपा रिकार्ड मतों से जीतेगी।

इस बीच, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने आगरा में एक रैली को संबोधित किया। बसपा नेता ने सरकार द्वारा मुफ्त खाद्यान्न वितरण पर वोट मांगने के लिए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह मुफ्त राशन भाजपा का नहीं बल्कि जनता के टैक्स से आया है।