विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की। यह रैली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन के लिए की गई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों को धमकाने के लिए संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस चुनाव में सब के लिए एकसमान अवसर नहीं है। श्री खड़गे ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए है और विपक्ष को एकजुट होकर लड़ना चाहिए।
महारैली में, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी, आम आदमी पार्टी नेता तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता, झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता तथा झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नेता सीताराम येचुरी, कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा, शिवसेना-उद्धव बाबासाहेब ठाकरे पार्टी नेता उद्धव ठाकरे, एनसीपी- एससीपी नेता शरद पवार, राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती, समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ ब्रायन शामिल हुए।
पिछले साल जून में पटना में गठबंधन की स्थापना के बाद से आईएनडीआईए ब्लॉक नेताओं की यह पहली सार्वजनिक बैठक थी।
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि यह लोकतंत्र बचाओ रैली नहीं बल्कि, ‘परिवार बचाओ’ और ‘भ्रष्टाचार छुपाओ रैली’ है।