दिसम्बर 16, 2024 4:32 अपराह्न

printer

विजय दिवस पर भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस को याद किया

आज विजय दिवस है। 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में ये दिवस मनाया जाता है। युद्ध की समाप्ति के बाद पूर्वी पाकिस्तान एक अलग देश बांग्लादेश बना।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और बलिदान को नमन किया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि देश वीरों केे बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे बलों के अटूट साहस और देशभक्ति ने यह सुनिश्चित किया है कि देश सुरक्षित रहे।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने 1971 के युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और अटूट देशभक्ति को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया है। राज्यपाल ने कहा कि विजय दिवस भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक इन वीर जवानों के प्रति गर्व और सम्मान की भावना से ओतप्रोत है।

विजय दिवस पर आज देहरादून के साथ ही प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। देहरादून में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।