वाराणसी में देव दीपावली पर पहली बार ग्रीन क्रैकर शो का अद्भुत नज़ारा देखने को मिलेगा। अमेरिका में विकसित अत्याधुनिक तकनीक के फायर वन फायरिंग सिस्टम से लगभग 10 मिनट तक ग्रीन क्रैकर शो और लेज़र शो का अलौकिक दृश्य दिखाई देगा।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध काशी की देव दीपावली 15 नवंबर को मनाई जाएगी। इस अवसर पर रेत पर लगभग 1.5 किलोमीटर के स्ट्रेच पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो होगा। क्रैकर शो, लेज़र शो के प्रदर्शन में उपयोग की जाने वाली ग्रीन आतिशबाजी पर्यावरण के अनुकूल होगी, जिसमें पटाखों की आवाज 70 डेसीबल से कम होगी।
इसके अलावा लेज़र शो से आकाश में कई तरह के आकर्षक चित्र भी दिखाई देंगे। साथ ही देव दीपावली को दिव्य और भव्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार 12 लाख दीपों से घाटों को रोशन करेगी।