लोकसभा में आज आम बजट 2025-26 पर चर्चा हुई। चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के धर्मवीर गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट देश के सामने मौजूद कृषि चुनौतियों का समाधान करने में विफल रहा है। उन्होंने किसानों की आत्महत्या का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिन प्रति दिन महंगी होती जा रही है और गरीब तथा वंचित वर्ग इसका खर्च वहन नहीं कर सकते । समाजवादी पार्टी के शिवपाल सिंह ने भी बजट की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने देश में उर्वरकों की ऊंची कीमतों का मुद्दा भी उठाया।
तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया और दावा किया कि एक करोड़ से अधिक परिवार अपने रसोई गैस सिलेंडर को दोबारा नहीं भरवा पाते। उन्होंने देश में किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार से सवाल किया। श्री बनर्जी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल को केंद्रीय बजट में पर्याप्त आवंटन नहीं मिला है।
भाजपा के राव राजेंद्र सिंह ने चर्चा में भाग लेते हुए केंद्रीय बजट की सराहना की और कहा कि इसमें गरीबों, किसानों तथा महिलाओं के हितों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की भलाई पर ध्यान केंद्रित किया है और इस दिशा में कई पहल की हैं। उन्होंने देश में बढ़ते पर्यटन और विमानन उद्योग का भी उल्लेख किया। श्री राव राजेंद्र सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और देश में अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला।
पार्टी के एक अन्य सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि यह बजट किसानों के कल्याण पर केंद्रित है और दालों का उत्पादन बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि और संबद्ध गतिविधियों के लिए एक लाख 70 हजार करोड़ रुपये का बजटीय आवंटन किया गया है।
तेलगु देशम पार्टी के दग्गुमल्ला प्रसाद राव ने कहा कि यह विकसित भारत बजट, विकास के लिए एक मजबूत आधार तैयार करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने 12 लाख रुपये तक की आय को करमुक्त करने के सरकार के फैसले की सराहना की। जनता दल यूनाइटे़ड के दिनेश चंद्र यादव ने इसी विचार को दोहराते हुए कहा कि यह बहुत उदार बजट है और मध्यम वर्ग कर राहत देने के सरकार के फैसले की सराहना कर रहा है। चर्चा जारी रहेगी।