इस बार के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में दो करोड़ पांच लाख तेरह हजार से अधिक मतदाता भाग लेंगे। राज्य की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज रायपुर में पत्रकारवार्ता में बताया कि इनमें से एक करोड़ एक लाख अस्सी हजार चार सौ पांच पुरूष मतदाता और एक करोड़ तीन लाख बत्तीस हजार एक सौ पन्द्रह महिला मतदाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सेवा मतदाताओं की संख्या उन्नीस हजार नौ सौ पांच है। जबकि एक लाख इंक्यानवे हजार छह सौ अड़तीस दिव्यांग मतदाता है। इसके अलावा सात सौ बत्तीस तृतीय लिंग के और सत्रह प्रवासी भारतीय मतदाता पंजीकृत है। श्रीमती कंगाले ने बताया कि राज्य में पचासी वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या बयासी हजार चार सौ छिहत्तर है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रदेश में होने वाले आगामी लोकसभा चुनाव की ग्यारह सीटों के लिए चौबीस हजार दो सौ उनतीस मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान केन्द्र में मतदाता सहायता केन्द्र का निर्माण किया जाएगा। वहीं, लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के तहत दस संगवारी मतदान केन्द्र होंगे, जो महिला मतदान दल द्वारा संचालित होंगे। साथ ही पांच आदर्श मतदान केन्द्र भी बनाए जाएंगे। इसी प्रकार प्रत्येक विधानसभा में एक दिव्यांग मतदान केन्द्र और एक युवा संचालित मतदान केन्द्र बनाया जाएगा। सभी मतदान केन्द्रों में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए मतदाता मित्र होंगे। उन्होंने बताया कि एक मतदान केन्द्र में अधिकतम पन्द्रह सौ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।