राजनीतिक दलों ने लोकसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा के बाद सरकार गठन के प्रयास तेज कर दिए हैं। 543 सदस्यों वाली लोकसभा के चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 292 सीटें मिली हैं। भाजपा ने अकेले 240 सीटें हासिल की हैं। तेलुगु देशम पार्टी को 16 और जनता दल-यूनाइटेड को 12 सीटें मिली हैं। आई.एन डी.आई गठबंधन ने 233 सीटें जीती हैं। अन्य के खाते में 18 सीटें गई हैं। कांग्रेस को 99 सीटें मिली हैं। समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीती हैं जबकि तृणमूल कांग्रेस ने 29 और डीएमके ने 22 सीटों पर विजय हासिल की हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर आज हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 17वीं लोकसभा को भंग करने की सिफारिश की गई इस बैठक में केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और अन्य कैबिनेट मंत्री उपस्थित थे।
इस बीच, एनडीए की आज राजधानी दिल्ली में बैठक हो रही है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार गठन के लिए भावी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। लोक जनशक्ति पार्टी नेता चिराग पासवान ने संवाददाताओं को बताया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी है और उन्हें एनडीए की आज की बैठक के बारे में बताया है। श्री पासवान ने कहा कि वे इस बैठक में भाग लेंगे।
तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख एन.चंद्रबाबू नायडू ने एनडीए की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले आज सवेरे अमरावती में अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए राज्य के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने दोहराया कि यह जीत उनकी पार्टी, जनसेना और भाजपा के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। श्री नायडू यह भी कहा कि एनडीए आंध्र प्रदेश को समृद्धि की ओर ले जाएगा।
जनता दल यूनाइटेड अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार भी एनडीए की बैठक में भाग लेने के लिए अपने निकट सहयोगियों – राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह तथा अन्य सहयोगियों के साथ पटना से नई दिल्ली पहुंच रहे हैं।
उधर, आईएनडीआईए गठबंधन की भी आज शाम राजधानी दिल्ली में बैठक है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि चुनाव नतीजों और आगे की रणनीति पर विचार के लिए शाम छह बजे गठबंधन की बैठक होगी। इसमें राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव भी भाग ले रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में उत्तर प्रदेश में वाराणसी से प्रधानमंत्री और भाजपा नेता नरेंद्र मोदी, गुजरात में गांधीनगर से केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजस्थान में कोटा से ओम बिड़ला, बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल, जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत, मध्य प्रदेश के गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हैं। भाजपा के अन्य प्रमुख विजेताओं में गौतम बुद्ध नगर से डॉ. महेश शर्मा, पीलीभीत से जितिन प्रसाद, उन्नाव से स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी, मेरठ से अरुण गोविल, मथुरा से हेमा मालिनी और गोरखपुर से रवि किशन हैं।
उत्तर प्रदेश में मैनपुरी सीट से डिंपल यादव, कन्नौज में समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, केरल में वायनाड और उत्तर प्रदेश में रायबरेली सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जीत हासिल हुई हैं। पश्चिम बंगाल में आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा जीते हैं।
हारने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में झारखंड में खूंटी से भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, उत्तर प्रदेश में अमेठी से स्मृति ईरानी, जम्मू-कश्मीर में बारामूला से नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला और अनंतनाग सीट से पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीती हैं जबकि भाजपा ने 33, कांग्रेस ने छह और राष्ट्रीय लोकदल ने दो सीटें जीती हैं। अपना दल-सोनेलाल और आजाद समाज पार्टी -कांशीराम ने एक-एक सीट जीती है। राज्य में बहुजन समाज पार्टी का कोई भी उम्मीदवार चुनाव जीतने में सफल नहीं हुआ है।
बिहार में भाजपा और जनता दल – यूनाइटेड ने 12-12 सीटें जीती हैं। जीतने वाले भाजपा नेताओं में डॉ. संजय जायसवाल, राधा मोहन सिंह, गिरिराज सिंह और रविशंकर प्रसाद शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मनोज कुमार, तारिक अनवर और मोहम्मद जावेद ने जीत हासिल की है।
लोक जनशक्ति पार्टी -रामविलास ने पांच, राष्ट्रीय जनता दल ने चार, कांग्रेस ने तीन और मार्क्सवादी लेनिनवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की है।
दिल्ली में भाजपा ने सभी सातों सीटों पर विजय हासिल की हैं। बांसुरी स्वराज ने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को हराकर जीत हासिल की। प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता जय प्रकाश अग्रवाल को हराकर चांदनी चौक सीट जीती है। रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली से जीते। मनोज तिवारी ने कांग्रेस के कन्हैया कुमार को हराया है। हर्ष मल्होत्रा ने पूर्वी दिल्ली सीट, कमलजीत सहरावत ने पश्चिमी दिल्ली सीट और योगेन्द्र चंदोलिया ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली सीट पर जीत हासिल की है।
पंजाब की 13 सीटों में से कांग्रेस ने 7, आम आदमी पार्टी ने 3, शिरोमणि अकाली दल ने 1 और निर्दलीय ने 2 सीटें जीती हैं।
हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस को पांच-पांच सीटें मिली हैं।
चंडीगढ़ की एकमात्र सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन को हराया है।
जम्मू-कश्मीर की पांच सीटों में से भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने दो-दो सीटें जीती हैं जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है।
लद्दाख की एकमात्र संसदीय सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार हाजी हनीफा ने जीत हासिल की है।
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने चारों सीटों पर कब्जा किया है। जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और अभिनेत्री कंगना रनौत शामिल हैं।
उत्तराखंड में भी भाजपा ने सभी पांच सीटों पर जीत हासिल की है।
राजस्थान की सभी 25 सीटों में से भाजपा ने 14 सीटों पर जीत हासिल की है और 8 सीटें कांग्रेस के पक्ष में गई हैं। तीन सीटें अन्य के खाते में गई हैं।
गुजरात में भाजपा ने 26 में से 25 सीटें हासिल कर प्रचंड जीत दर्ज की है। एक सीट कांग्रेस के खाते में गई है।
महाराष्ट्र की 48 सीटों में से भाजपा ने 9 सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने 13 सीटें हासिल की, शिवसेना -उद्धव ने 9, शिवसेना – एसएचएस ने 7, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – पवार ने 8 सीटें जीतीं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और निर्दलीय को एक-एक सीट पर जीत मिली है।
गोवा में कांग्रेस ने दक्षिण गोवा सीट जीत ली है, जबकि भाजपा ने उत्तरी गोवा सीट जीती है।
मध्य प्रदेश में भाजपा ने 29 सीटें जीतकर क्लीन स्वीप कर लिया है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 10 सीटों पर जीत हासिल की है और कांग्रेस को एक सीट मिली है।
ओडिशा में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीतने में कामयाब रही।
झारखंड की 14 सीटों में से भाजपा ने आठ, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन पार्टी ने एक, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तीन और कांग्रेस ने दो सीटें जीती हैं।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने 29 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा ने 12 सीटें जीती हैं। कांग्रेस के खाते में एक सीट गई है।
असम में भाजपा ने 9 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस ने 3 और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी -लिबरल तथा असम गण परिषद ने एक-एक सीट जीती।
त्रिपुरा में भाजपा ने सभी दो सीटें जीत ली हैं।
अरुणाचल प्रदेश की दोनों सीटों पर भी भाजपा ने जीत हासिल की है।
मणिपुर की दोनों सीटें कांग्रेस की झोली में गई हैं।
मिजोरम की एकमात्र सीट ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट पार्टी ने जीती है।
नागालैंड की एकमात्र सीट कांग्रेस के खाते में गई है।
मेघालय की दो सीटों में से एक कांग्रेस और एक वॉयस ऑफ पीपल्स पार्टी की झोली में गई है।
सिक्किम की एकमात्र सीट सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा को मिली है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की एकमात्र सीट भाजपा उम्मीदवार बिष्णु पद रे को मिली है।
दादरा और नगर हवेली सीट भाजपा उम्मीदवार कलाबेन डेलकर ने जीत ली है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार उमेशभाई बाबूभाई पटेल ने दमन और दीव सीट जीती है।
आंध्र प्रदेश में 25 लोकसभा क्षेत्रों में से तेलुगु देशम पार्टी ने 16 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा ने 3 और वाई एस आर सीपी ने चार सीटें जीती हैं। जन सेना पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की है।
तेलंगाना में, 17 सीटों में से भाजपा और कांग्रेस ने 8-8 सीटें हासिल की हैं। एआईएमआईएम को एक एक सीट पर विजय मिली है।
तमिलनाडु में 39 लोकसभा क्षेत्रों में से डीएमके ने 22 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस ने 9 सीटों पर जीत हासिल की है। विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), सीपीआई और सीपीआई (एम) ने दो-दो सीटें जीती हैं।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की एकमात्र सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार वी. वैथिलिंगम ने जीत दर्ज की है।
केरल में, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने 20 सीटों में से 18 पर स्पष्ट बढ़त के साथ क्लीन स्वीप दर्ज किया है। इतिहास में पहली बार, भाजपा ने त्रिशूर में सुरेश गोपी की जीत के साथ केरल में अपना खाता खोला है। सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ ने अलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में केवल एक सीट जीती है।
कर्नाटक में 28 लोकसभा क्षेत्रों में से भाजपा ने 17 सीटों पर जीत हासिल की है. जबकि कांग्रेस ने 9 और जेडीएस ने दो सीटों पर जीत हासिल की है।
ओडिशा में सत्ताधारी बीजू जनता दल को सभी सीटों पर पराजय का सामना करना पडा हैं जबकि भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 सीटें हासिल की हैं। कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीतने में कामयाब रही।
ओडिशा में 147 सदस्यों वाली विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने 78 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में तेलुगु देशम पार्टी ने 175 सदस्यीय सदन में से 135 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है।
विधानसभा की 25 सीटों के उपचुनाव के परिणामों में भाजपा ने 11 सीटें हासिल की हैं। कांग्रेस सात, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस दो-दो; सीपीआई (एमएल), जेएमएम और बीएपी को एक-एक सीट मिली हैं।