लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रदेश की 10 सीटों पर 7 मई को चुनाव होना है। इसमें राजनीतिक रूप से अहमियत रखने वाली बरेली लोकसभा सीट भी शामिल है। यह सीट भाजपा सांसद संतोष कुमार गंगवार के नाम से भी पहचानी जाती रही है, वह इस सीट से आठ बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन भाजपा ने इस बार उनका टिकट काटकर छत्रपाल गंगवार को प्रत्याशी बनाया है। वहीं इंडिया गठबंधन की ओर से सपा के प्रवीण सिंह ऐरन चुनावी मैदान में हैं। बसपा ने इस सीट पर छोटे लाल गंगवार को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उनका नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होगा। इनके अलावा 11 अन्य प्रत्याशी भी चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
बरेली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पांच विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 22 लाख के करीब मतदाता हैं। भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली बरेली लोकसभा सीट पर आज तक सपा और बसपा का खाता तक नहीं खुला है। यह सीट भाजपा के संतोष गंगवार के नाम से भी जानी जाती है। वह इस सीट पर 1989 में पहली बार जीते थे और उसके बाद उन्होंने यह सीट 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में लगातार जीती। उसके बाद 2009 के चुनाव में संतोष गंगवार को कांग्रेस के प्रवीण सिंह ऐरन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. लेकिन 2014 के चुनाव में संतोष गंगवार ने जीत हासिल की।
Site Admin | मई 3, 2024 10:02 अपराह्न
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रदेश की 10 सीटों पर 7 मई को चुनाव