लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, यहां 13 मई को चुनाव होना है। इसमें समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाली कन्नौज की महत्वपूर्ण सीट भी शामिल है। इस सीट से तीन बार सांसद रह चुके सपा प्रमुख अखिलेश यादव एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं वहीं भाजपा ने वर्तमान सांसद सुब्रत पाठक को दोबारा अपना प्रत्याशी बनाया है।बहुजन समाज पार्टी ने इमरान बिन जफर को मैदान में उतारा है। इनके अलावा 12 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इत्र नगरी के रूप में पहचान रखने वाले कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभाएं आती हैं। इस सीट पर सपा ने 1989 से 2014 के बीच लगातार नौ चुनावों में जीत हासिल की है। समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाने वाली यह सीट 2019 के चुनाव में भाजपा के सुब्रत पाठक ने डिंपल यादव को हराकर जीती थी। इस सीट को वापस जीतने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव मैदान में उतरे हैं। अखिलेश यादव इस सीट पर लगातार तीन बार 2000, 2004 और 2009 में जीत चुके हैं। 2014 में सपा प्रमुख की पत्नी डिंपल यादव यहां से सांसद बनी थीं लेकिन 2019 के चुनाव में भाजपा के सुब्रत पाठक ने मुलायम परिवार की बहू डिंपल यादव को 12 हजार 353 मतों से हराकर समाजवादी पार्टी के गढ़ को ढहाने का काम किया था। इस बार भी भाजपा ने सांसद सुब्रत पाठक को दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं बहुजन समाज पार्टी से इमरान बिन जफर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सभी दल अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने में जुट गए हैं।
Site Admin | मई 4, 2024 7:32 अपराह्न
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी