निर्वाचन आयोग ने बताया है कि लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में कल मतदान प्रतिशत 67 दशमलव सात-एक दर्ज किया गया है। इस चरण में कल नौ राज्यों और एक केन्द्रशासित प्रदेश की 96 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले गए थे। लोकसभा और विधानसभा दोनों के लिए आंध्र प्रदेश में कराए गए चुनाव में मतदान प्रतिशत 78 दशमलव दो-पांच प्रतिशत दर्ज किया गया। बिहार में मतदान प्रतिशत 57 दशमलव शून्य-छह प्रतिशत और तेलंगाना में 64 दशमलव नौ-तीन प्रतिशत तथा जम्मू कश्मीर में 37 दशमलव नौ-आठ प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं झारखंड में मतदान प्रतिशत 65 दशमलव तीन-एक तथा मध्य प्रदेश में 70 दशमलव नौ-आठ प्रतिशत दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में मतदान प्रतिशत 59 दशमलव छह-चार, ओडिशा में 73 दशमलव नौ-सात, उत्तर प्रदेश में 58 दशमलव शून्य-पांच और पश्चिम बंगाल में 78 दशमलव चार-चार प्रतिशत दर्ज किया गया। इस चरण में आंध्र प्रदेश की 25 सीटों, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीटों, बिहार की पांच, झारखंड और ओडिशा की चार-चार सीटों तथा जम्मू कश्मीर की एक सीट पर वोट डाले गए। चौथे चरण में कुल एक हजार सात सौ 17 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। श्रीनगर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदान प्रतिशत 37 दशमलव नौ-आठ दर्ज किया गया। श्रीनगर में मतदान का यह प्रतिशत पिछले कई दशकों में सबसे अधिक है।
चौथे चरण का चुनाव संपन्न होने के साथ 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तथा 379 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश तथा ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है।