मतदाताओं की संख्या की दृष्टि से देश के सबसे छोटे लोकसभा संसदीय क्षेत्र- लक्षद्वीप में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। इस केंद्र शासित प्रदेश में एक लोकसभा संसदीय क्षेत्र है, जो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।
लक्षद्वीप संसदीय क्षेत्र में आम चुनाव के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। वर्तमान सांसद और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के मोहम्मद फैसल, पूर्व सांसद और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के हम्दुलिल्लाह सईद, भाजपा समर्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के टीपी यूसुफ और निर्दलीय के. कोया लक्षद्वीप लोकसभा सीट के लिए चुनाव मैदान में हैं।
चुनाव को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं। 10 द्वीपों में 55 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। वर्तमान में लक्षद्वीप में 57 हजार सात सौ 84 मतदाता हैं। पिछले चुनाव में एनसीपी उम्मीदवार मोहम्मद फैसल ने सिर्फ आठ सौ 23 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। पहली बार मतदान करने वाले लगभग दो हजार युवा मतदाताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी।
लक्षद्वीप में इस बार तीन प्रमुख उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।