सरकार ने घोषणा की है कि बुद्ध के पवित्र अवशेषों को भारत से रूस के कलमीकिया गणराज्य में एक प्रदर्शनी के लिए ले जाया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि यह प्रदर्शनी इस महीने की 11 से 18 तारीख के बीच राजधानी एलिस्टा में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय बौद्ध बहुल आबादी के लिए धार्मिक सेवा आयोजित करना है। यह रूसी गणराज्य कलमीकिया में बुद्ध के अवशेषों की पहली प्रदर्शनी है।
पवित्र अवशेषों के साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में 11 वरिष्ठ भारतीय भिक्षुओं का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। यह दल यात्रा के दौरान विभिन्न संबंधित कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ, राष्ट्रीय संग्रहालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
मंत्रालय ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बौद्ध केंद्रीय आध्यात्मिक प्रशासन और अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के बीच एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
 
									