मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

दिसम्बर 31, 2024 7:50 पूर्वाह्न

printer

रूस और यूक्रेन ने सैकड़ों युद्धबंदियों की अदला-बदली की

 
 
रूस और यूक्रेन ने संयुक्त अरब अमीरात की सहायता से किए गए समझौते के अन्‍तर्गत सैकड़ों युद्धबंदियों की अदला-बदली की है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि उसने अपने 150 सैनिकों के बदले यूक्रेन के उतने ही सैनिकों को रिहा किया है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनके देश के 189 सैनिक वापस लौटे हैं। उन्होंने कहा कि रिहा किए गए सैनिकों में अज़ोवस्तल और मारियुपोल तथा चेरनोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र और स्नेक आइलैंड को बचाने वाले शामिल हैं। 
 
मई 2022 में रूस ने यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर मारियुपोल में महीनों तक लड़ाई लड़ी और शहर के अज़ोवस्तल स्टील प्लांट की रक्षा करने वाले सैनिकों के आत्मसमर्पण करने के बाद जीत की घोषणा की थी। रूस के सैनिकों ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर अपने आक्रमण की शुरुआत में ही देश के उत्तर-पश्चिम में चेरनोबिल पर कब्ज़ा कर लिया था लेकिन बाद में उन्‍होंने प्लांट का नियंत्रण इसके कर्मचारियों को वापस सौंप दिया था। स्नेक आइलैंड पर भी 2022 में कब्ज़ा कर लिया गया था और यूक्रेन के सैनिकों को बंदी बना लिया गया था, लेकिन बाद में रूस के बंधकों के बदले उन्‍हें रिहा किया गया। 
 
यूक्रेन ने कहा है कि रूस ने युद्ध की शुरुआत से अब तक समझौतों के अंतर्गत सैनिकों और नागरिकों सहित कुल 3 हजार 956 लोगों को रिहा किया है।