दिसम्बर 19, 2025 2:28 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हैदराबाद में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हैदराबाद में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों के दो दिन के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की भर्ती करते समय लोक सेवा आयोगों को ईमानदारी और निष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।

 

उन्‍होंने ने राज्य लोक सेवा आयोगों को भरोसेमंद सरकारी संस्थानों में से एक बताते हुए राष्‍ट्रीय और राज्‍य आयोगों से उभरती चुनौतियों का अनुमान लगाने और विश्वसनीयता को अधिकतम महत्व देते हुए खुद को तैयार करने के लिए कहा।

 

इससे पहले, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने भर्ती प्रक्रियाओं के सभी चरणों में पारदर्शिता और समयबद्ध भर्ती पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रस्तावित डेटाबेस देश में भर्ती प्रक्रियाओं को मजबूत करने में मदद करेगा और तेलंगाना लोक सेवा आयोग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि कानूनी रूप से मजबूत भर्ती प्रणालियों को मजबूत करने के लिए नालसर विश्‍वविद्याल, हैदराबाद और राज्य लोक सेवा आयोगों की सक्रिय भागीदारी के साथ सौ महत्वपूर्ण निर्णयों का एक संकलन तैयार किया जा रहा है।

 

इससे पहले, तेलंगाना लोक सेवा आयोग के अध्‍यक्ष बी. वेंकटेशम ने बताया कि दो-दिन के सम्‍मेलन में राज्य लोक सेवा आयोगों और संघ लोक सेवा आयोग को एक साथ लाने का एक मंच होगा। इससे सरकारी नौकरी भर्ती प्रक्रियाओं में आने वाली चुनौतियों और समस्याओं के साथ-साथ सुधारों पर चर्चा की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि राज्य लोक सेवा आयोगों के अनुभवों को ध्यान में रखा जाएगा और मौजूदा बाधाओं को दूर करने के लिए एक कार्य योजना बनाई जाएगी।

 

सम्‍मेलन में 24 राज्य के लोक सेवा आयोगों के अध्‍यक्ष भी शामिल हों रहे हैं। ये पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ-साथ तय समय सीमा के भीतर भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा करने जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।