राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम हैदराबाद में वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव में शामिल होंगी। हैदराबाद में ध्यान केंद्र हार्टफुलनेस के मुख्यालय कान्हा शांति वनम में शुक्रवार से आरंभ हुआ चार दिन का यह आध्यात्मिक समागम रविवार को संपन्न होगा। इस आयोजन के माध्यम से दुनिया के सबसे बड़े ध्यान केंद्र में सभी धर्मों और सम्प्रदायों के आध्यात्मिक गुरू एक मंच पर एकत्र हो रहे हैं। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय इस कार्यक्रम का आयोजन श्री राम चंद्र मिशन और अन्य संस्थाओ के सहयोग से कर रहा है।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि इस सम्मेलन का आयोजन सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के बीच एकजुटता के साथ देश की ‘वसुधैव कुटुंबकम’ विचारधारा के अनुरुप किया जा रहा है। वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव का मुख्य विषय ‘आंतरिक शांति से विश्व शांति’ है। इसमें लोगों के लिए पंचकर्म केंद्रों में चिकित्सीय सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में देश और दुनिया के तीन सौ से अधिक आध्यात्मिक गुरु धर्म और आध्यात्मिकता से संबंधित विभिन्न विषयों तथा इस बात पर चर्चा करेंगे कि धर्म और आध्यात्मिकता मानव जाति की मदद कैसे करते हैं। महोत्सव में लगभग एक लाख प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस महोत्सव में रामकृष्ण मिशन, परमार्थ निकेतन, द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन, माता अमृतानंदमयी मठ, हैदराबाद के आर्कबिशप और अन्य संगठन हिस्सा ले रहे हैं।