राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में 71 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार हिंदी फिल्म 12वीं फेल को और सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फिल्म का पुरस्कार कटहल को दिया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार शाहरुख खान को जवान फिल्म के लिए और विक्रांत मैसी को 12वीं फेल के लिए संयुक्त रूप से दिया जाएगा। अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को वर्ष 2023 के लिए बहुप्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा।
अभिनेत्री रानी मुखर्जी को श्रीमती चटर्जी बनाम नॉर्वे फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिलेगा। सौम्यजीत घोष दस्तीदार द्वारा निर्देशित फ्लावरिंग मैन को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म पुरस्कार मिलेगा। पियूष ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया जाएगा। गॉड वल्चर एंड ह्यूमन को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र के पुरस्कार के लिये चुना गया है।
हिंदी फिल्म रॉकी और रानी कि प्रेम कहानी को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सैम बहादुर को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ाने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है। तमिल फिल्म वथी के लिए जी.वी प्रकाश कुमार को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार मिलेगा।
शिल्पा राव और पी.वी.एन.एस रोहित को हिन्दी फिल्म जवान और तेलुगु फिल्म बेबी के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक पुरस्कार दिया जाएगा। मलयालम फिल्म पूकालम सर्वश्रेष्ठ एडिटिंग पुरस्कार के लिए चुनी गयी है। मराठी फिल्म नाल-2 को सर्वश्रेष्ठ बच्चों की फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा। द केरला स्टोरी को सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी पुरस्कार मिलेगा। उत्पल दत्ता को सर्वश्रेष्ठ फिल्म आलोचक का पुरस्कार दिया जाएगा।