मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जून 20, 2025 7:19 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देहरादून में राष्ट्रपति तपोवन और राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति उद्यान की भी रखी आधारशिला

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज देहरादून में राष्ट्रपति तपोवन और राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया। उन्होंने आगंतुक सुविधा केंद्र और कैफेटेरिया सहित सार्वजनिक सुविधाओं का भी उद्घाटन किया। साथ ही राष्ट्रपति निकेतन में राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला रखी। 132 एकड़ में फैला राष्ट्रपति उद्यान का सार्वजनिक पार्क दिव्यांगजनों के लिए पूरी तरह से सुलभ होगा। इसका उद्देश्य नागरिकों के बीच स्वास्थ्य, संस्कृति और नागरिक गौरव को बढ़ावा देने के लिए सामुदायिक जुड़ाव केंद्र बनना है।

 

इस अवसर पर राष्ट्रपति निकेतन, तपोवन और राष्ट्रपति उद्यान की जैव विविधता पर आधारित एक पुस्तक का भी विमोचन किया गया। इस पुस्तक में राष्ट्रपति निकेतन, तपोवन और उद्यान की 300 से अधिक वनस्पतियों और 170 से अधिक जीवों की प्रजातियों को सूचीबद्ध किया गया है, जिनमें तितलियाँ, पक्षी और स्तनधारी शामिल हैं। राष्ट्रपति तपोवन, 24 जून से और राष्ट्रपति निकेतन, पहली जुलाई से आम जनता के लिए खुले रहेंगे।

श्रीमती मुर्मू ने देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान का दौरा भी किया और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने मॉडल स्कूल विज्ञान प्रयोगशाला और कंप्यूटर प्रयोगशाला के साथ ही एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने दिव्यांगजनों को हर क्षेत्र में प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है। उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीकों की मदद से दिव्यांगजन भी मुख्यधारा में अपना योगदान दे सकते हैं।

श्रीमती मुर्मू ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 में दिव्यांग बच्चों को अन्य बच्चों के समान अच्छी शिक्षा के अवसर प्रदान करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सुगम्य भारत अभियान के माध्यम से सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और समान भागीदारी के लिये प्रयत्नशील है।

राष्ट्रपति ने दिव्यांगजनों की प्रतिभा को निखारने के लिये सभी लोगों से सहयोग का आह्वान किया।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला