राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, कल नई दिल्ली में 17 बच्चों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ प्रदान करेंगी। सात श्रेणियों में असाधारण उपलब्धियों के लिए चयनित ये बच्चे 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। सरकार, कला और संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा, खेल और पर्यावरण में उपलब्धियों के लिए बच्चों को बाल पुरस्कार प्रदान करती है। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक पदक, प्रमाण पत्र और प्रशस्ति पत्र पुस्तिका दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत के भविष्य की नींव के रूप में बच्चों को सम्मानित करने वाले राष्ट्रव्यापी समारोह वीर बाल दिवस में शामिल होंगे। वे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री ‘सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान’ का शुभारंभ भी करेंगे। इसका उद्देश्य पोषण संबंधी सेवाओं के कार्यान्वयन को मजबूत कर इसके परिणामों और कल्याण में सुधार करना है। वीर बाल दिवस के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र के प्रति साहस और समर्पण की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए देश में कई पहल की जाएंगी। MyGov और MyBharat पोर्टल के माध्यम से प्रश्नोत्तरी सहित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। विद्यालयों, बाल देखभाल संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों में कहानी सुनाना, रचनात्मक लेखन और पोस्टर बनाना जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के विजेता भी उपस्थित रहेंगे।