मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अक्टूबर 26, 2024 7:01 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन आईआईटी भिलाई के दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे और अंतिम दिन आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईटी भिलाई के दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। समारोह में राष्ट्रपति ने 7 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। वहीं, वर्ष 2023 और 2024 में स्नातक करने वाले 396 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई।

 

समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती आदिवासी परंपरा और संस्कृति से समृद्ध है। जनजातीय समाज के लोग प्रकृति को करीब से समझते हैं और सदियों से पर्यावरण के साथ समन्वय बनाकर जीवन यापन करते आ रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि आदिवासी जन प्राकृतिक जीवनशैली के माध्यम से संचित ज्ञान का भंडार हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि आदिवासीजनों की जीवन शैली से सीख कर हम भारत के सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि देश का संपूर्ण विकास तभी संभव है जब उसमें हमारे आदिवासी जनों की सक्रिय भागीदारी हो।

 

इस मौके पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आईआईटी भिलाई की स्थापना ने राज्य की तकनीकी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कमी को पूरा किया है। यह संस्थान राज्य के लोगों के लिए प्रत्यक्ष, सामाजिक और आर्थिक प्रासंगिकता के मुद्दों पर राज्य सरकार की विभिन्न शाखाओं के साथ कार्य कर रहा है।

 

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह समय तकनीक का समय है, जिस देश और प्रदेश के पास तकनीक की ताकत होगी, वह उतनी ही तेजी से विकास करेगा। इस अवसर पर आईआईटी भिलाई के बोर्ड ऑफ गर्वनर के अध्यक्ष के. वेंकटरमन और संस्थान के डायरेक्टर प्रोफेसर राजीव प्रकाश भी उपस्थित थे।