राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में पांचवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया। ग्रामीण इलाकों में घर-घर तक नल कनेक्शन पहुंचाने के साथ जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में शानदार काम के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में उत्तर प्रदेश को देश में दूसरा स्थान मिला है। वहीं पूरे देश में जल संरक्षण में बांदा को जनपदों की श्रेणी में पहला पुरस्कार मिला है।
राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश में हर घर तक नल से जल पहुंचाने की मुहिम में किए गए कार्यों और जल संरक्षण की दिशा में किए गए अभिनव प्रयोगों की तारीफ की है। प्रदेश को जल प्रबंधन के लिये पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट पर बधाई दी है। सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में उड़ीसा को पहला और गुजरात-पुडुचेरी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला है।