राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महर्षि वाल्मिकी जयंती पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि आदि कवि वाल्मिकी द्वारा रचित धार्मिक ग्रंथ रामायण भगवान श्री राम की दिव्य गाथा के साथ मानव समाज को एक अमूल्य उपहार है। उन्होंने कहा कि मानवीय आदर्शों के अद्भुत उदाहरण रामायण में मिलते हैं। राष्ट्रपति ने लोगों से आदि कवि द्वारा दिखाये गये आदर्शों की राह पर चलने का आग्रह किया।
उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मिकी का ज्ञान, करूणा, सत्य और धर्म का संदेश सभी के लिए है। उन्होंने कामना की कि आदि कवि की शिक्षाएं देश का मार्गदर्शन करती रहेंगी और समाज में एकता तथा सद्भावना बनाए रखने में सहायक होंगी।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महर्षि वाल्मिकी के महान विचार करोड़ों लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आदि कवि वाल्मिकी ने आने वाली पीढ़ियों के मार्गदर्शन के लिए महाकाव्य रामायण की रचना की। श्री मोदी ने कहा कि महर्षि वाल्मिकी ने सकारात्मक सोच पर बल दिया और सेवा तथा मानवीय सम्मान को महत्व दिया। उन्होंने कहा कि आदि कवि के सिद्धान्त और आदर्श नये भारत को प्रेरणा और मार्गदर्शन देते रहेंगे।