छत्तीसगढ़ के रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सशस्त्र सैन्य प्रदर्शनी का आज समापन हुआ। समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि भारतीय सेना राष्ट्र सेवा का प्रतीक है, इसमें शामिल होकर राष्ट्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाएं। सैन्य प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवाओं में साहस और समर्पण की भावना उत्पन्न होगी। छत्तीसगढ़ के युवा भी सेना में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे और देश की सुरक्षा में तत्पर रहेंगे। उन्होंने सैन्य प्रदर्शनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह भव्य सशस्त्र सैन्य समारोह युवाओं को प्रेरणा देने वाला है।
समापन समारोह के पहले श्री डेका ने सैन्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सेना के उच्च अधिकारियों ने भीष्म टी-नाइंटी टैंक सहित विभिन्न मिसाइल, अत्याधुनिक लड़ाकू हथियारों और अन्य सैन्य उपकरणों के बारे में जानकारी दी। राज्यपाल ने शहीद जवानों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सैन्य प्रदर्शनी के अंतिम दिन एनसीसी कैडेटों ने घुड़सवारी प्रदर्शन, सैनिकों ने डेयर डेविल मोटर साइकिल शो, गोरखा रेजिमेंट ने खुखरी डांस और सेना के बैंड ने मनमोहन प्रस्तुति देकर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने छत्तीसगढ़ और ओड़िशा उप क्षेत्र के बिग्रेडियर अमन आंनद को छत्तीसगढ़ शासन की ओर से मानपत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया।