छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कल 07 सितंबर से चक्रधर समारोह शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संगीत सम्राट महाराज चक्रधर ने शास्त्रीय कला संगीत को विश्व में एक नई पहचान दिलाई है।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय कला संस्कृति के साथ-साथ पारंपरिक विरासत को सहेजने के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही रायगढ़ में संगीत महाविद्यालय प्रांरभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रायगढ़ के शैल चित्रों पर आधारित अभिलेखीकरण पुस्तिका और चक्रधर समारोह की परिचय पुस्तिका का विमोचन भी किया।
समारोह के पहले दिन जानी-मानी शास्त्रीय नृत्यांगना और अभिनेत्री पद्मश्री हेमा मालिनी ने नृत्य नाटिका ’राधा रासबिहारी’ की प्रस्तुति दी।
इससे पहले, मीडिया से बातचीत करते हुए शास्त्रीय नृत्यांगना और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
गौरतलब है कि दस दिनों तक चलने वाले इस समारोह में देश और प्रदेश के कई जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।