मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

फ़रवरी 5, 2025 5:35 अपराह्न

printer

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने नशे के विरूद्ध जागरूकता रैली को झण्डी दिखाकर किया रवाना

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि नशे के जाल को तोड़ने का काम केवल हमारी युवा शक्ति ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि नशे के चंगुल से दृढ़संकल्पित होकर बाहर निकला जा सकता है।

राज्यपाल ने  हमीरपुर के गौड़ा स्थित गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज परिसर में नशे के विरूद्ध जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय और गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने नशे के विरूद्ध जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थी नशे के विरूद्ध रैली में सहभागी बने हैं। उन्होंने कहा कि वीरों की भूमि में अगर युवा नशे के चंगुल में फसेंगे तो युवा सेना में भर्ती नहीं हो पाएंगे और अगर नशे की पहुंच शैक्षणिक संस्थानों में होगी तो हम भावी चिकित्सक और इंजीनियर नहीं बना पाएंगे।  

उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रथम शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्होंने राज्य में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त की थी। इसलिए प्रदेश में ‘नशा मुक्त हिमाचल-स्वस्थ हिमाचल’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।  

उन्होंने पंचायती राज संस्थानों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्थान और नारी शक्ति इस बुराई से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जनप्रतिनिधि और ग्रामीण स्तर पर नारी शक्ति इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज में नई सोच और जागरूकता के माध्यम से ही हिमाचल को नशामुक्त बनाया जा सकता है।