सितम्बर 5, 2024 9:08 अपराह्न

printer

राजभवन में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन

छत्तीसगढ़ : शिक्षक दिवस के अवसर पर आज राजभवन में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्ष दो हजार तेईस-चौबीस के लिए बावन शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इनमें प्रधान पाठक, व्याख्याता, व्याख्याता एल.बी., शिक्षक एल.बी., सहायक शिक्षक और सहायक शिक्षक एल.बी वर्ग के शिक्षक शामिल हैं। वहीं, तीन शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें बिलासपुर जिले की डॉक्टर रश्मि सिंह धुर्वे को डॉक्टर पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कबीरधाम जिले के राजर्षि पांडेय को डॉक्टर मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार और दुर्ग जिले की डॉक्टर सरिता साहू को डॉक्टर बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य शिक्षक सम्मान वर्ष दो हजार चौबीस-पच्चीस के लिए चयनित चौंसठ शिक्षकों के नामों की घोषणा भी की।
समारोह में राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक, विद्यार्थियों को बड़ा सपना देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस हमें विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जिम्मेदारियों और प्रतिबद्धताओं की याद दिलाता है। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में शिक्षक दिवस का जितना उत्साह और महत्व है, वैसा कहीं और देखने को नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रदेश में लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बस्तर में भी अब शिक्षा की रौशनी तेजी से फैल रही है। बस्तर में वर्षों से बंद उनतीस स्कूलों को फिर से शुरू किया गया है। माओवाद प्रभावित जिलों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बिना ब्याज के शिक्षा ऋण दिया जा रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।