रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोगों से हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखने और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया है। श्री सिंह ने आज नई दिल्ली में मेजर बॉब खाथिंग स्मारक समारोह के पांचवें संस्करण में मेजर खाथिंग को भारत का एक महान सपूत बताया। उन्होंने कहा कि मेजर खाथिंग ने युद्ध के मैदान में अपनी बहादुरी से देश के इतिहास में एक अमिट छाप छोड़ी।
श्री सिंह ने मेजर खाथिंग की प्रशासनिक दक्षता, विशेष रूप से सशस्त्र सीमा बल और नागालैंड सशस्त्र पुलिस के गठन में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
देश की विकास यात्रा में पूर्वोत्तर क्षेत्र की भूमिका को स्वीकार करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने हमेशा पूर्वोत्तर राज्यों के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि बुनियादी विकास परियोजनाओं में असम के तेजपुर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग से जोड़ने वाली 13 हजार फीट की ऊंचाई पर बनी सेला सुरंग भी शामिल है।